मुहर्रम पर मानवता की मिसाल: स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जुटे युवा, 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित
रामेश्वर प्रजापति छांगुर
नगरा (बलिया) मुहर्रम के पावन अवसर पर त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देते हुए श्री सारथी सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को नगरा गेट स्थित जनता इंटर कॉलेज के सामने (नाजिर आर्ट परिसर) भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संस्थान के संस्थापक संजीव गिरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में अली ग्रुप ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 50 से अधिक यूनिट रक्तदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
संस्थान के संस्थापक संजीव गिरी ने कहा कि मुहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, सेवा और मानवता का संदेश देने वाला अवसर है। इसी भावना को साकार करने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है।” साथ ही उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर का संचालन जिला चिकित्सालय, बलिया की ब्लड बैंक टीम द्वारा पूरी सुरक्षा एवं चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप किया गया। रक्तदाताओं के उत्साह, अनुशासन और सेवा-भाव ने कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानव सेवा का प्रेरणादायी संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर श्री सारथी सेवा संस्थान की ओर से सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों, अली ग्रुप के सदस्यों तथा ब्लड बैंक टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके मानवीय योगदान की सराहना की गई।
























