मोहर्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क, एडीएम-ई व एसपी सिटी ने किया पैदल गश्त
बदायूं। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त किया।
एडीएम (प्रशासन) अरुण कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय तथा पुलिस बल के साथ शहर के व्यस्ततम इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन से संवाद करते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों, बाजारों तथा प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना ज्योति सिंह सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
























