भारत विकास परिषद ‘इलिट’ शाखा ने लगाया भव्य भंडारा, राहगीरों को बांटे पौधे
उपेन्द्र कुमार पांडेय
आजमगढ़। लगातार मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में जुटी भारत विकास परिषद ‘इलिट’ शाखा ने एक बार फिर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता दोहराई है। शाखा द्वारा भूखों को भोजन कराने, प्यासों को पानी पिलाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों को भोजन-पानी देने के साथ-साथ पौधों का वितरण भी किया गया और उनके संरक्षण व संवर्धन पर विशेष जोर दिया गया।
आषाढ़ मास के आखिरी बड़े मंगल के पावन अवसर पर नगर के मुख्य चौक स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी देवी मंदिर के बाहर देर शाम एक भव्य भंडारे और पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस दौरान नर सेवा नारायण सेवा के उद्देश्य से डिंपल अग्रवाल के नेतृत्व में मंदिर के बाहर से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को संगठन के सदस्यों ने मिलकर बड़े ही उत्साह के साथ जलसेवा दी। साथ ही प्रसाद के रूप में गरम-गरम खिचड़ी, बूंदी और आम का वितरण किया गया, जिसे पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे।
मानव सेवा के साथ-साथ प्रकृति को सहेजने का संदेश देने के लिए महिला सहभागिता मनीला अग्रवाल की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को केवल पौधे ही नहीं सौंपे गए, बल्कि उन्हें इस बात के लिए भी प्रेरित किया गया कि वे इन पौधों को सिर्फ लगाएं नहीं, बल्कि उनका पालन-पोषण और संरक्षण भी करें।
इस दौरान मनीला अग्रवाल, योगिता, अनु अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, नूतन अग्रवाल, अमिता अग्रवाल, मीरा अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, कविता अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, ओम अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, रवि अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
























