बीपीएससी में उप जिलाधिकारी बनीं दीपिका बिंद का गांव में भव्य स्वागत
दुर्गागंज/भदोही। अभोली ब्लॉक के बिंद नगर बवई गांव की होनहार बेटी दीपिका बिंद के बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर चयनित होने के बाद पहली बार गृह जनपद आगमन पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
गांव पहुंचने से पहले ही सुबास नगर स्थित निशुल्क सुपर-25 नीट कोचिंग संस्थान के विद्यार्थियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
गृह पहुंचने पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर दीपिका बिंद का सम्मान किया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर दीपिका बिंद ने कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को सफलता का सबसे बड़ा माध्यम मानते हुए कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष, समर्पण और लगन के बल पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शीतला प्रसाद, दिनेश कुमार बिंद, डॉ. मिथिलेश बिंद, संदीप कुमार बिंद, अंकेश कुमार, डॉ. राहुल, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, नायक बिंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे।
दीपिका बिंद की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और युवा वर्ग उन्हें प्रेरणा के रूप में देख रहा है।
























