बलिया।मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण में तेजी, सीडीओ ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय निर्माण में तेजी, सीडीओ ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए सख्त निर्देश, सितंबर 2026 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट

बलिया/नगरा। विकास खंड नगरा के ग्राम तुर्की में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय परियोजना का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी रामप्रताप सिंह भी मौजूद रहे। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत तीन मंजिला मुख्य विद्यालय भवन, मिड-डे मील भवन, मल्टीपरपज हॉल, डॉरमेट्री, स्टाफ आवास, प्रधानाचार्य एवं उप-प्रधानाचार्य आवास, गार्ड रूम, इंटरलॉकिंग मार्ग और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि मुख्य विद्यालय भवन के भूतल एवं प्रथम तल की चिनाई का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि द्वितीय तल पर चिनाई, प्लास्टर एवं पुट्टी का कार्य जारी है। मिड-डे मील भवन तथा मल्टीपरपज हॉल का प्लास्टर कार्य पूरा हो चुका है। वहीं स्टाफ रेजिडेंस, डॉरमेट्री एवं आवासीय भवनों में सुपरस्ट्रक्चर और स्लैब कास्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।

परियोजना में 30 आधुनिक कक्षाओं और एक बालवाटिका की व्यवस्था की जा रही है। विद्यालय में लगभग 100 शिक्षकों की तैनाती का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त 3461.50 वर्ग मीटर क्षेत्र में इंटरलॉकिंग एवं पेवर ब्लॉक, 1139 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल, आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम, 200 केवीए डीजी सेट, सोलर ऊर्जा प्रणाली तथा सीसीटीवी कैमरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। परिसर से सटी शेष भूमि पर राजकीय इंटर कॉलेज एवं मिनी स्टेडियम के निर्माण का भी प्रस्ताव है।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ को साइट पर मजदूरों की संख्या अपेक्षा से कम मिली, जिस पर उन्होंने ठेकेदार को तत्काल श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही एक सीवर पाइप टेढ़ी पाए जाने पर उसे उखाड़कर मानक के अनुरूप पुनः स्थापित करने के आदेश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देगा और ग्रामीण युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने परियोजना को सितंबर 2026 तक उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा स्थानीय लोगों को निर्माण प्रगति की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *