गंगा दशहरा पर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लेने कछला घाट पहुंचे डीएम व एसएसपी
बदायूं,। गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी गंगा स्नान पर्व के मद्देनजर जिलाधिकारी बदायूं श्री अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने बुधवार को कछला बॉर्डर एवं कछला गंगा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए चिन्हित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा घाट पर महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाए। उन्होंने सुरक्षित आवागमन, सुचारु यातायात संचालन और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील अहलावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
























