बदायूँ।संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

बिसौली (बदायूं)। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने तहसील बिसौली पहुंचकर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण समाधान किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका विधिक निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समाधान दिवस रजिस्टर का भी निरीक्षण किया तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी बिसौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *