कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बदायूं। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर रोड सेफ्टी व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों तथा संभावित अवरोधों का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा यातायात नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
























