अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर सख्त हुई पुलिस, एसएसपी ने की मासिक समीक्षा बैठक
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लुटेरों, चोरों, हिस्ट्रीशीटरों, टॉप-10 अपराधियों और इनामी बदमाशों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
बैठक में महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेने, अपहृताओं की शीघ्र बरामदगी, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण तथा न्यायालय से संबंधित सम्मन एवं वारंटों की समय पर तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला सुरक्षा एवं स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्पडेस्क, एंटी रोमियो टीम, शक्ति दीदी एवं महिला बीट पुलिसकर्मियों द्वारा गांवों, मोहल्लों, स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
एसएसपी ने अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा, गोकशी एवं अवैध शस्त्रों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर धारा 14(1) के अंतर्गत जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
बैठक में शासन के विभिन्न अभियानों जैसे ऑपरेशन त्रिनेत्र 2.0, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दहन एवं ऑपरेशन दृष्टि की समीक्षा भी की गई। प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सोमवती अमावस्या पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। एसएसपी ने जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
























