हरी खाद से बढ़ेगी भूमि की उर्वरता, किसानों को किया गया जागरूक।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। सुरियावां ब्लॉक के छनौरा गांव में गुरुवार को राजकीय बीज प्रभारी सुरियावां सूरज सिंह ने किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों द्वारा बोई गई ढैचा फसल का अवलोकन करते हुए हरी खाद के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सूरज सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में भूमि की उर्वरता बनाए रखना किसानों के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में ढैचा जैसी हरी खाद वाली फसलों का प्रयोग खेतों की गुणवत्ता सुधारने का एक प्रभावी और सस्ता उपाय है। उन्होंने बताया कि ढैचा को फूल आने की अवस्था में जोतकर मिट्टी में मिला देने से भूमि में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ती है, जिससे मिट्टी की संरचना बेहतर होती है और उसकी जल धारण क्षमता भी बढ़ती है।
उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता कम करने तथा हरी खाद के अधिक से अधिक उपयोग की सलाह दी। कहा कि हरी खाद के प्रयोग से खेत में नाइट्रोजन की मात्रा स्वाभाविक रूप से बढ़ती है, जिससे आगामी फसलों की पैदावार में वृद्धि होती है और उत्पादन लागत भी कम होती है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों ने हरी खाद के लाभों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और इसे अपनाने की सहमति जताई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।
























