तेज आंधी में छत से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उसावां, बदायूं। थाना उसावां क्षेत्र के ग्राम भावन नगला में सोमवार शाम आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए काल बन गई। छत पर कपड़े उतारने गए युवक की अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम भावन नगला निवासी कप्तान पुत्र हरदयाल सोमवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान घर की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गए थे। इसी दौरान तेज हवा का झोंका आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे सड़क पर जा गिरे। गिरने से उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि तेज आंधी और बारिश के चलते काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। जब मौसम कुछ शांत हुआ तो परिजनों ने घर के बाहर देखा, जहां कप्तान घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मंगलवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
मृतक के भाई बेचेलाल ने बताया कि कप्तान छत पर कपड़े उतारने गए थे। तेज हवा के झोंके से उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी है।
























