आजमगढ़।9 वर्षीय साईं विवान सिंह ने राष्ट्रीय स्पेलिंग प्रतियोगिता में लहराया परचम, देश में प्रथम स्थान

9 वर्षीय साईं विवान सिंह ने राष्ट्रीय स्पेलिंग प्रतियोगिता में लहराया परचम, देश में प्रथम स्थान

इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय अल्फा स्टार स्पेलिंग परीक्षा 2025-26 में शानदार प्रदर्शन, जहानागंज के बेटे ने बढ़ाया जिले का मान

आजमगढ़। जनपद के जहानागंज ब्लॉक के टेल्हुआ चकवली गांव के 9 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्र साईं विवान सिंह ने राष्ट्रीय अल्फा स्टार स्पेलिंग परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मिली सफलता से उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे आजमगढ़ जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

साईं विवान सिंह सेंट अर्नाल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा दो के छात्र हैं। उनके पिता दीपक सिंह तथा माता रंजन सिंह हैं। कम उम्र में मिली इस बड़ी उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित तैयारी और परिवार का निरंतर सहयोग रहा है।

साईं की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। उनके बड़े भाई युवराज सिंह समेत सभी परिजनों ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

विशेष बात यह है कि साईं विवान सिंह, जहानागंज भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह के भतीजे हैं। उपलब्धि की जानकारी मिलते ही उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के गणमान्य लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने साईं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी।

हरिद्वार सिंह, आजाद सिंह, श्याम सिंह, आलोक सिंह सहित अनेक लोगों ने साईं को शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों का विश्वास है कि साईं विवान सिंह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले व देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *