प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल मेले का शुभारंभ
आजमगढ़। जहानागंज विकास खंड सभागार जहानागंज में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनकल्याणकारी स्टॉल मेला एवं जनसहयोग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रमेश कनौजिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी स्टॉलों का निरीक्षण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक योजनाएं गरीब, किसान, महिला, युवा एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, स्वरोजगार एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को प्रदान की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्व विधायक मुबारकपुर राम दर्शन यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह, एपीओ संदीप शिवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं आम जनता की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
























