सदौपुर में शासन के निर्देश पर लगाया गया रात्रि चौपाल जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्या के निदान के लिए सभी अधिकार कर्मचारी को दिया निर्देश।
शरद बिंद
दुर्गागंज,भदोही। अभोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत सदौपुर अभोली में शुक्रवार की रात प्रशासन द्वारा आयोजित ‘रात्रि ग्राम चौपाल’ का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शैलेश कुमार रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख प्रियंका बिंद, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. चक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, संचारी रोगों की रोकथाम, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
चौपाल में बिजली, जल निगम, राजस्व, कृषि, पंचायती राज तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, आवास, पेंशन और कृषि संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने गांव में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो और उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रात्रि ग्राम चौपाल में सभी विभागों की संयुक्त उपस्थिति से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। अधिकारियों के सकारात्मक रवैये और त्वरित कार्रवाई से चौपाल सफल एवं प्रभावी साबित हुई।
























