उसावां पुलिस की बड़ी सफलता, 18 घंटे में दो नाबालिग किशोरियां सकुशल बरामद

उसावां पुलिस की बड़ी सफलता, 18 घंटे में दो नाबालिग किशोरियां सकुशल बरामद

नोएडा से मिलीं चचेरी-तहेरी बहनें, पुलिस टीम का हुआ सम्मान

उसावां/बदायूं। जनपद के थाना उसावां क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुईं दो नाबालिग चचेरी-तहेरी बहनों को पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों किशोरियों को नोएडा से खोज निकाला। बरामदगी के बाद दोनों को थाना लाकर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कस्बा उसावां निवासी दो नाबालिग किशोरियां घर से टहलने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाना उसावां में शिकायत दर्ज कराते हुए अपहरण की आशंका जताई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

क्षेत्राधिकारी दातागंज राहुल पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी  राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस टीम की मदद से किशोरियों की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील चौधरी एवं पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नोएडा पहुंचकर दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया।

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। किशोरियों के बयान एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि कम समय में किशोरियों को सकुशल बरामद कर परिवार की चिंता दूर कर दी गई। इस दौरान चेयरमैन पति अनिल सिंह चौहान एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस टीम को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *