होली चौक पर अवैध कब्जे की शिकायत पर प्रशासन सक्रिय
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व, नगर पंचायत व पुलिस टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
बदायूं/उसावां। नगर पंचायत क्षेत्र के होली चौक पर कथित अवैध कब्जे को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा उठाई गई मांग के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीएम दातागंज के निर्देश पर तहसील दातागंज के नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और भूमि की स्थिति का जायजा लिया।
राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि नगर पंचायत क्षेत्र की सरकारी भूमि एवं राज्य योजना से संबंधित जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। संगठन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अतिक्रमण के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा सरकारी भूमि का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए नहीं हो पा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक टीम ने संबंधित स्थल का निरीक्षण करते हुए भूमि अभिलेखों की जांच की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को कथित अतिक्रमण की जानकारी देते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। भूमि अभिलेखों एवं जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अवैध कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
























