समर इंटर्नशिप में विधि छात्रों ने जाना न्याय व्यवस्था का संचालन
डीएलएसए व एलएडीसीएस कार्यालय का किया भ्रमण, निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा आयोजित समर इंटर्नशिप कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत विभिन्न विधि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 128 विधि छात्र-छात्राओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस), लखनऊ का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था की कार्यप्रणाली और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में इंटर्न्स को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, लोक अदालत, पूर्व वाद मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर अभियुक्तों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था की भी जानकारी दी गई।
उप सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शालीन मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधि छात्रों को न्याय व्यवस्था की जमीनी कार्यप्रणाली से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने में विधिक सेवा संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
मुख्य विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता श्री अरुण मिश्रा ने एलएडीसीएस की कार्यप्रणाली, आपराधिक मामलों में निःशुल्क विधिक सहायता तथा अभियुक्तों के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ श्री अभिषेक गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक ज्ञान प्रदान करते हैं और उन्हें समाज के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी विधिक पेशेवर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा विधिक सेवा संस्थाओं के कार्यों को नजदीक से समझा। अंत में इंटर्न्स ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।
























