भदोही।निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण, 20 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश।

निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण, 20 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश।

शरद बिंद/

दुर्गागंज/भदोही। जनपद के अभोली ब्लॉक के अभोली में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का बुधवार को जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी को अतिरिक्त कर्मचारी और संसाधन लगाने का निर्देश दिया, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हर हाल में 20 जून तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा। साथ ही निर्माण में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएचसी के शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य समय से पूरा कर स्वास्थ्य केंद्र को जल्द संचालित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. चक, सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभांकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *