भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी,कार्यकर्ताओं ने त्रिलोचन महादेव मंदिर में पूजन-अर्चन व मिष्ठान वितरण कर मनाई खुशियां
जौनपुर/जलालपुर। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के रिकॉर्ड को पार करने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के प्रसिद्ध त्रिलोचन महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत दर्शन-पूजन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर उन्नति की कामना की।
पूजन-अर्चन के उपरांत मंदिर प्रांगण में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। भक्ति एवं उत्साह के वातावरण के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा पर चर्चा की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि किसी गैर-कांग्रेसी दल के नेता के रूप में यह उपलब्धि अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। देश की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया है, जो उनके प्रति जनता के अटूट विश्वास और लोकप्रियता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लगभग 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं द्वारा मिष्ठान वितरण कर इस ऐतिहासिक अवसर की खुशियां साझा की गईं। उपस्थित लोगों नेy प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जटाशंकर सिंह,मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह,जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार पांडेय,रणविजय सिंह,कृष्णचंद्र चौबे,मांधाता पांडेय,सूर्यजीत सिंह,सोनू गिरी,सुशील निषाद,प्रदीप चौहान,शशि कुमार दुबे,विशाल सिंह,धीरेन्द्र सिंह,किशन सिंह,दिनेश श्रीवास्तव,अवधेश पटेल,प्रभाकर सिंह,सियाराम पटेल,सत्यम अग्रहरि,राहुल सिंह,लालचंद बेनवंशी,नितेश सिंह,संदीप सिंह,रितेश गुप्ता,संतोष चौहान,अमन सेठ,एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
























