सहायक अध्यापक की जनगणना में लापरवाही पर BSA ने किया निलंबन; जांच के निर्देश जारी
संजीव सिंह बलिया। जनगणना जैसे संवेदनशील सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सोहांव क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय इटहीं के सहायक अध्यापक विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई चार्ज अधिकारी जनगणना/तहसीलदार, बलिया की रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने की है।
चार्ज अधिकारी की रिपोर्ट में बताया गया है कि एचएलबी संख्या 0690 के प्रगणक विनोद कुमार ने बार-बार निर्देश देने के बावजूद भी जनगणना कार्य शुरू नहीं किया। सुपरवाइजर धनश्याम पांडेय की जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 की दोपहर 1 बजे तक विनोद कुमार ने एचएलबी 0692 में कार्य आरंभ नहीं किया था और उनके मोबाइल भी बंद पाए गए। इससे स्पष्ट होता है कि उन्होंने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण दायित्व में घोर लापरवाही बरती है।
बीएसए ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए कहा है कि यह कृत्य उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (आचरण एवं अपील) नियमावली, 1999 के अनुरूप नहीं है और कर्तव्य एवं दायित्व के निर्वहन में उदासीनता का उदाहरण है। निलंबन अवधि के दौरान विनोद कुमार प्रावि रामापुर से सम्बद्ध रहेंगे और उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जांच अधिकारी नियुक्त, 15 दिन में रिपोर्ट मांगी गई
बीएसए ने खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार चौबे (सीयर) को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित सहायक अध्यापक के विरुद्ध आवश्यक आरोप पत्र अधोस्ताक्षरी से अनुमोदित कराकर अपचारी कर्मचारी का लिखित अभिकथन प्राप्त करें और तथ्यपरक जांच आख्या 15 दिनों के भीतर बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
(सम्बन्धित अधिकारी बयान उपलब्ध होते ही आगे की रिपोर्ट देंगें।)
























