बैंक ऑफ बड़ौदा के पास लूट व एटीएम बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
बिसौली (बदायूँ)। जनपद के थाना बिसौली पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के निकट लूट करने तथा एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी व एटीएम कार्ड भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिसौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अतुल यादव पुत्र रनवीर निवासी ग्राम जलालपुर थाना मलावन जनपद एटा को कुढौली तिराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने 06 जून 2026 को कस्बा बिसौली स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये की लूट की थी तथा उसका एटीएम कार्ड भी छीन लिया था। इसके अलावा आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रुपये निकालने की घटनाओं को भी अंजाम देता था।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 31 मई 2026 को थाना वजीरगंज क्षेत्र के सैदपुर सहित जनपद के कई स्थानों पर लोगों के एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की घटनाएं की थीं।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड एवं कुल 12 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर थाना बिसौली में दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। वहीं थाना वजीरगंज में दर्ज मुकदमे से संबंधित 6 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध एटा, मैनपुरी, मध्यप्रदेश एवं बदायूँ जनपद में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित चौहान, उपनिरीक्षक उम्मेद सिंह पोसवाल, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार, कांस्टेबल अर्पित पूनिया, कांस्टेबल रवि कुमार एवं कांस्टेबल हिमांक कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
























