आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर बदायूँ में भारी वाहनों का डायवर्जन लागू
बदायूँ। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए जनपद बदायूँ में भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है।
जारी प्रेस नोट के अनुसार यह डायवर्जन व्यवस्था 08 जून 2026 को सुबह 07:00 बजे से लागू होकर 10 जून 2026 को रात्रि 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान ट्रक, ट्रौला, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्राली सहित अन्य भारी वाहनों का निर्धारित स्थानों पर डायवर्जन किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा जिन स्थानों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है उनमें बिल्सी मोड़, पटेल चौक, मझिया मोड़, केशव मंडी चौकी, बदायूँ-बरेली बाईपास स्थित बीआरवी तिराहा तथा कुँवरगांव चौराहा शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, जिससे भर्ती परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
























