संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 89 में दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण
आजमगढ़। तहसील परिसर निजामाबाद में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में क्षेत्र की जनसमस्याओं से संबंधित कुल 89 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 87 प्रकरण संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजे गए।
प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक 58 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 24, विकास विभाग की पांच तथा अन्य विभागों की दो शिकायतें दर्ज की गईं।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर कराया जाए और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
























