सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
बदायूं। शनिवार को सहसवान तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से पहुंचकर जनमानस की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, पारिवारिक एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच कर विधिक प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर तहसील एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
























