कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बदायूं में टीजीटी परीक्षा संपन्न, 54.27 प्रतिशत रही उपस्थिति
बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन संख्या-01/2022 प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती (टीजीटी) की लिखित परीक्षा बुधवार को जनपद बदायूं में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच दो पालियों में संपन्न हुई। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराई गई।
प्रथम पाली की परीक्षा जनपद के 09 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। विभिन्न विषयों के कुल 3687 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1896 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 1791 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली का उपस्थिति प्रतिशत 51.42 प्रतिशत दर्ज किया गया।
वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा जनपद के 07 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस पाली में विभिन्न विषयों के कुल 2918 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1689 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 1229 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली का उपस्थिति प्रतिशत 57.88 प्रतिशत रहा।
प्रथम दिवस की दोनों पालियों को मिलाकर कुल उपस्थिति प्रतिशत 54.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
अधिकारियों द्वारा लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया।
























