बदायूँ।राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ को मिला नया नेतृत्व, डॉ. शिव कुमार ने संभाला प्रधानाचार्य पद

राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ को मिला नया नेतृत्व, डॉ. शिव कुमार ने संभाला प्रधानाचार्य पद

बदायूँ। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. (डॉ.) शिव कुमार ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद कॉलेज प्रशासन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यभार संभालने के उपरांत डॉ. शिव कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाना, विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा मरीजों को बेहतर एवं उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देना होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मानकों के अनुरूप शिक्षण एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

डॉ. शिव कुमार ने कहा कि मरीज हित सर्वोपरि रहेगा और सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पात्र मरीजों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से समर्पण भाव के साथ कार्य करने की अपील भी की।

नवागत प्रधानाचार्य ने चिकित्सा शिक्षकों को पठन-पाठन, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में शोध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर चिकित्सा शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में मरीज हित से जुड़े मुद्दों, विशेषकर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) एवं उपचार व्यवस्था में मौजूद कमियों को शासन एवं प्रशासन के संज्ञान में लाकर उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।

डॉ. शिव कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चिकित्सकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक सहयोग से राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *