वजीरगंज पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक बरामद
बदायूँ। थाना वजीरगंज पुलिस ने बीते दिनों बिल्सी रोड स्थित ब्यौली मढ़ी के पास हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देश पर गठित पुलिस टीम 31 मई की रात क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 9 मई को ब्यौली मढ़ी के पास हुई लूट की वारदात में शामिल बदमाश लूटी गई मोटरसाइकिल से किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में बिल्सी से वजीरगंज की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मुसेपुर पुल के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांस्टेबल प्रिंस चौधरी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फारुख उर्फ बादशाह उर्फ सफी तथा अमन चतुर्वेदी घायल हो गए, जबकि सुरजीत उर्फ नन्हू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल पुलिसकर्मी और अभियुक्तों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी फारुख ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों आदिल मलिक और अरमान के साथ मिलकर 9 मई की रात ब्यौली मढ़ी के पास एक व्यक्ति को तमंचे के बल पर आतंकित कर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फारुख उर्फ बादशाह निवासी धनौली थाना बिल्सी, अमन चतुर्वेदी निवासी टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) तथा सुरजीत उर्फ नन्हू निवासी तिलहर जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में नोएडा क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, छह जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी फारुख और अमन पर नोएडा समेत विभिन्न जनपदों में लूट, हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना वजीरगंज पुलिस टीम ने अंजाम दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
























