अटेना गंगा घाट पर चला स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने संभाली कमान
उसावां (बदायूँ)। जनपद बदायूँ के विकासखंड उसावां अंतर्गत ग्राम पंचायत अटेना घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर व्यापक साफ-सफाई कराई गई। गंगा घाट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से विकासखंड अधिकारी डॉ मनीष वर्मा तथा ग्राम पंचायत के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया।
इस दौरान विकासखंड अधिकारी के निर्देशन में घाट परिसर, मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में फैली गंदगी को हटाया गया। अभियान में ग्राम पंचायत सचिव मनोज कुमार, ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर के प्रधान पुत्र अशोक कुमार सहित सफाई कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों को नियमित रूप से घाट की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने कहा कि गंगा घाट आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी घाट पर साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैलाने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन द्वारा चलाए गए इस स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि घाट की सफाई से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। स्वच्छता अभियान के दौरान घाट का स्वरूप पहले की अपेक्षा अधिक साफ एवं व्यवस्थित दिखाई दिया।
























