पीलीभीत।गन्ना सर्वे में लापरवाही न करें किसान, सही विवरण दर्ज कराने से आसान होगी गन्ना आपूर्ति : खुशीराम भार्गव

गन्ना सर्वे में लापरवाही न करें किसान, सही विवरण दर्ज कराने से आसान होगी गन्ना आपूर्ति : खुशीराम भार्गव

पीलीभीत में गन्ना सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर डीसीओ ने किया औरंगाबाद और शिकारपुर कार्य का स्थलीय निरीक्षण

मुजीब खान

पीलीभीत। जनपद में गन्ना विकास विभाग द्वारा गन्ना सर्वेक्षण कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है गन्ना सर्वेक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो इस पर टीमों द्वारा जहां गहनता से कार्य किया जा रहा है वही जिला गन्ना अधिकारी द्वारा क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करते टीमो का मार्गदर्शन और किसानो को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव द्वारा पूरनपुर चीनी मिल क्षेत्र के ग्राम औरंगाबाद एवं शिकारपुर में संचालित गन्ना सर्वेक्षण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गन्ना किसानों को मौके पर ही गन्ना सर्वे पर्ची वितरित की गई तथा सर्वे कार्य की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के समय गन्ना किसानों से अनुरोध किया गया कि वे सर्वेक्षण के दौरान अपनी गन्ना किस्म सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कराएं। सही गन्ना किस्म अंकित होने से आगामी पेराई सत्र में गन्ना तौल, पर्ची निर्गमन एवं गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी तथा किसानों को समय से गन्ना पर्चियां प्राप्त हो सकेंगी।

किसानों को यह भी अवगत कराया गया कि मौके पर दी जा रही सर्वे पर्ची में गन्ना सर्वे से संबंधित समस्त महत्वपूर्ण जानकारियां जैसे गन्ना किस्म, गन्ना क्षेत्रफल, फसल का प्रकार, फसल की दशा, बुवाई का प्रकार आदि अंकित रहती हैं। अतः किसान भाई पर्ची का सावधानीपूर्वक अवलोकन कर किसी त्रुटि की स्थिति में तत्काल संबंधित गन्ना पर्वेक्षक को अवगत कराएं।

जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम भार्गव ने मौके पर ही किसानो गन्ना सर्वेक्षण कार्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि कोई भी किसान भाई गलत सर्वे या गलत गन्ना किस्म दर्ज करने का दबाव गन्ना पर्वेक्षक पर न डाले सर्वे मे यदि कोई समस्या आती है तो ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, जिला गन्ना अधिकारी या गन्ना विकास विभाग के टोल फ्री नंबर पर सूचना दे उन्होंने कहा कि सभी किसान आसान गन्ना आपूर्ति के लिए सही विवरण दर्ज कराए । इस अवसर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पूरनपुर, मुख्य गन्ना अधिकारी पूरनपुर, सर्किल प्रभारी सहित पवन कुमार, रामकुमार, लियाक़त हुसैन, हरेंद्र सिंह, अजीत सिंह एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *