ईद-उल-जुहा पर बदायूँ में अलर्ट दिखा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था।
बदायूँ। ईद-उल-जुहा/बकरीद के मौके पर जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने नमाज स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने को कहा गया।
प्रशासनिक सक्रियता और पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय के चलते जनपद बदायूँ की सभी ईदगाहों एवं मस्जिदों पर नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। त्योहार के दौरान पूरे जनपद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और भाईचारे का माहौल बना रहा।
























