बदायूँ।इस्लामनगर पुलिस की बड़ी सफलता, लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

इस्लामनगर पुलिस की बड़ी सफलता, लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

बदायूँ। जनपद के थाना इस्लामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सुन्दरनगर में हुई लूट की घटना का सफल अनावरण कर तीन बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया जेवर, नकदी, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी और दो बदमाश घायल हुए हैं।

एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी के नेतृत्व में थाना इस्लामनगर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस टीम 27/28 मई की रात क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सुन्दरनगर में हुई लूट की घटना में शामिल बदमाश किसी नई वारदात की फिराक में कन्धरपुर के पास बंद पड़े ईंट भट्टे की ओर से इस्लामनगर-बिसौली रोड पर आने वाले हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में हेड कांस्टेबल अमित कुमार गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सद्दु पुत्र अच्छन निवासी वार्ड नंबर 02 कस्बा सिरौली, आस मोहम्मद पुत्र ताज मोहम्मद निवासी मोहल्ला प्यास कस्बा सिरौली तथा नदीम उर्फ शाकिर पुत्र जाकिर हुसैन निवासी मोहल्ला प्यास कस्बा सिरौली जनपद बरेली के रूप में हुई है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, एक जोड़ी पाजेब, दो ओम लॉकेट, एक अंगूठी, सात हजार रुपये नकद तथा एक टॉर्च बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 16/17 मई की रात ग्राम सुन्दरनगर में एक घर में घुसकर लोहे का बक्सा चोरी किया था। घर की महिला के जागने पर आरोपियों ने उसे तमंचा दिखाकर डराया-धमकाया और उसके गले से चेन छीन ली। बाद में खेत में ले जाकर बक्से से जेवर और नकदी निकालकर बक्सा वहीं छोड़ दिया था। बरामद सामान उन्होंने ईंट भट्टे के पीछे छिपा रखा था, जिसे बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों अभियुक्त शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, उपनिरीक्षक विश्वदेव सिंह, हरगोविंद सिंह, भूरेलाल सिंह, गौतम पांडेय समेत पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *