बदायूँ।ईद-उल-जुहा को लेकर उसावा पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

ईद-उल-जुहा को लेकर उसावा पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बदायूँ। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना उसावा पुलिस ने कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की।

पैदल गश्त थाना परिसर से शुरू होकर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे, मुख्य बाजार उसावा, होली चौक, बजरंगबली मंदिर मार्ग तथा बिजली घर गली से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। गश्त के बाद पुलिस दल वापस थाना परिसर पहुंचा।

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि ईद-उल-जुहा पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने तथा लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही कहा कि त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

गश्त के दौरान उप निरीक्षक सुनील चौधरी, कवराज सिंह, लोकेंद्र सिंह ढिल्लों, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल पवन चौधरी, अंकित यादव समेत थाना उसावा का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *