बदायूँ।ईद-उल-अजहा को लेकर सहसवान में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल मार्च

ईद-उल-अजहा को लेकर सहसवान में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया पैदल मार्च

बदायूँ। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को सहसवान नगर में पुलिस बल के साथ संयुक्त पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पैदल मार्च के दौरान डीएम और एसएसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शहर में लगातार फुट पेट्रोलिंग जारी रखी जाए और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के समय किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

अधिकारियों ने पुलिस मोबाइल टीमों और रात्रि गश्ती दलों को विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि ईद-उल-अजहा का पर्व जिले में पूरी शांति, भाईचारे और उल्लास के साथ संपन्न हो।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम सहसवान रिपुदमन सिंह, क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सहित स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *