सामाजिक न्याय के प्रणेता चंद्रजीत यादव की मनाई गयी पुण्यतिथि
आजमगढ़।सरायमीर स्थित खानपुर गांव में सामाजिक न्याय के प्रणेता चंद्रजीत यादव की 19 वीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके लोगों ने नमन किया और सामाजिक न्याय पर एक गोष्ठी भी हुई।गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ कॉमरेड रामसूरत यादव ने और संचालन कार्यक्रम के आयोजक राम प्रसाद यादव ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला जज शिवबचन यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव भारत सरकार में इस्पात और खान मंत्री के रूप में बहुत सराहनीय कार्य किए। गुटनिरपेक्षता,शांति और एकजुटता के लिए उनके प्रयासों को देश,विदेश में सराहना मिली।एक राजनेता के रूप में उनकी छवि बहुत ही साफ सुथरी थी।
सीपीआई जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने कहा कि चंद्रजीत यादव 26 साल की उम्र में मोहम्मदाबाद गोहना विधान सभा क्षेत्र से सीपीआई के टिकट पर जीतकर पहली बार उप्र की विधानसभा में पहुंचे।इस उम्र में विधायक बनने का पूरे देश में पहला रिकॉर्ड भी चंद्रजीत यादव ने बनाया।वे समाजवादी सिद्धांतों पर हमेशा अडिग थे।यही कारण था कि उन्होंने सामाजिक न्याय का नारा दिया और उसपर मजबूती से आजीवन कार्य किए।इन्हीं सारी खूबियों के चलते चंद्रजीत यादव को लोग बड़े आदर से याद करते हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य और किसान नेता राजनेत यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय का नारा तब फलीभूत होगा जब हम अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों को समझकर उसपर अमल करेंगे।अन्य वक्ताओं ने भी जोर देकर कहा कि सामाजिक न्याय के लिए जाति,धर्म से ऊपर उठकर समाज के सभी वंचित तबकों के लिए कार्य करना ही चंद्रजीत यादव को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर जिला पंचायत सदस्य आराधना गौतम,सूबेदार रामजनम,जामवंत,अमरनाथ यादव,झूरी,आशीष,डॉ बृजमोहन आदि लोग उपस्थित रहे।























