बदायूँ: ईद-उल-अज़्हा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की SSP अंकिता शर्मा ने की अपील

बदायूँ: ईद-उल-अज़्हा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की SSP अंकिता शर्मा ने की अपील

बदायूँ। आगामी ईद-उल-अज़्हा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ अंकिता शर्मा ने जनपदवासियों से विशेष अपील जारी की है। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, प्रेम और समन्वय के साथ त्योहार मनाने का आग्रह करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं निजी स्थानों पर ही की जाए। किसी भी सार्वजनिक स्थल, सड़क, पार्क या खुले स्थान पर कुर्बानी न की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि हाथी, घोड़ा, ऊंट एवं गौवंश जैसे प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसा करना भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं गौवध निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। यदि इस प्रकार की कोई गतिविधि पुलिस के संज्ञान में आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनपद का सौहार्दपूर्ण माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी संदिग्ध, आपराधिक या अवांछित गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित अधिकारियों से करें।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को भी सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करें और ऐसे कमेंट करने से बचें, जिससे किसी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों। सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि ईद-उल-अज़्हा का पर्व प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *