बलिया।कान्हजी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी, महँगाई व बिजली कटौती पर सरकार पर हमला; सड़क निर्माण पर भी सवाल

कान्हजी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी, महँगाई व बिजली कटौती पर सरकार पर हमला; सड़क निर्माण पर भी सवाल

  संजीव सिंह बलिया । समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जनहित के कई गंभीर मुद्दों पर प्रदेश सरकार पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने मतदाता सूची, महँगाई, विद्युत व्यवस्था और सड़कों की लापरवाही समेत कई समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रशासन व भाजपा पर निशाना साधा।

कान्हजी ने आरोप लगाया कि एसआईआर की आड़ में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। गहन निरीक्षण के बावजूद लगातार त्रुटियों की शिकायतें मिल रही हैं, और उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करके जनता के अधिकारों का अतिक्रमण कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक और निंदनीय है।

उन्होंने महँगाई को लेकर कहा कि कीमतें सुरसा के मुंह की तरह लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार केवल विज्ञापनों और होर्डिंगों के माध्यम से सुनहरे सपने दिखा रही है। वास्तविक समस्याओं पर सवाल उठाने वाले लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है, जो अस्वीकार्य है।

विद्युत व्यवस्था पर कान्हजी ने कड़ा आरोप लगाया कि बिजली की खपत प्रतिदिन बढ़ने के बावजूद जनपद में एक भी नया सबस्टेशन नहीं बनाया गया। भीषण गर्मी में बेहिसाब कटौती से आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि मिड्ढी चौराहा से एनसीसी चौराहा तक की सड़क पिछले दो-तीन वर्षों से खोदी जा रही है, पर अभी तक निर्माण पूर्ण नहीं हुआ है। इससे रोजाना जाम लगते हैं और कड़ी धूप में लोग परेशान हो रहे हैं।

कान्हजी ने सरकार से तात्कालिक रूप से चुनावी प्रक्रियाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने, महँगाई व बिजली कटौती को नियंत्रित करने और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *