शाहजहांपुर।सिविल स्कोर चेक करते ही उड़े होश, बुजुर्ग की आईडी पर निकला ट्रैक्टर लोन, बैंक पर उठे सवाल

सिविल स्कोर चेक करते ही उड़े होश, बुजुर्ग की आईडी पर निकला ट्रैक्टर लोन, बैंक पर उठे सवाल

मुजीब खान

शाहजहाँपुर : जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक बुजुर्ग व्यक्ति की आईडी पर कथित रूप से ट्रैक्टर का फर्जी लोन चलने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों पर लापरवाही और टालमटोल का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित शकील खान को उस समय बड़ा झटका लगा जब उन्होंने किसी जरूरी कार्य के लिए अपना सिविल स्कोर चेक कराया। सिविल स्कोर की रिपोर्ट में उनके नाम पर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से ट्रैक्टर लोन चलता हुआ दिखाई दिया। जबकि पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कभी किसी ट्रैक्टर का लोन नहीं लिया और न ही उनका इस बैंक से पहले कोई संबंध रहा है।

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि बैंक की एक शाखा बरेली मोड़ के निकट स्थित है। इसके बाद वह कई दिनों तक बैंक शाखा के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि बैंक कर्मचारी लगातार मामले को टालते रहे और स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। ऐसे में पीड़ित को आशंका है कि कहीं न कहीं बैंक कर्मचारियों की लापरवाही या मिलीभगत से फर्जी लोन का खेल चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिलाओं के समूह बनाकर लोन वितरण किए जाने की भी चर्चा क्षेत्र में बनी हुई है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले के सामने आने के बाद लोगों में चिंता का माहौल है। एक तरफ पुलिस और प्रशासन साइबर अपराध रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस तरह के मामले लोगों के भरोसे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि पीड़ित की आईडी से यह कथित फर्जी लोन हटाया जाता है या फिर मामला जांच के नाम पर लंबा खिंचता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *