महिला सफाई कर्मचारी ने हस्ताक्षर के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म किए जाने का ग्राम प्रधान पर लगाया आरोप
मुजीब खान
शाहजहाँपुर : सिंधौली थाना क्षेत्र के ग्राम भायपुर में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक महिला सफाई कर्मचारी ने ग्राम प्रधान रघुवीर यादव पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद उसे सफाई कर्मचारी की नौकरी मिली है। आरोप है कि ग्राम प्रधान लंबे समय से उस पर गलत नजर रखे हुए था और उसे परेशान करता था। तहरीर के अनुसार, 18 मई को आरोपी प्रधान ने वेतन स्लिप पर हस्ताक्षर कराने के बहाने उसे अपने घर बुलाया। जैसे ही महिला वहां पहुंची, आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके हाथ बांधकर जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। डरी-सहमी महिला ने किसी तरह घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। मामले की जानकारी मिलने पर सिंधौली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
























