नैनीताल में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी कार, पांच लोगों की मौत
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई। भवाली थाना क्षेत्र के ढैला गांव के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवाली थाना क्षेत्र के सेनिटोरियम-रतीघाट बाईपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर आगे महिंद्रा कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की टीम मौके पर पहुंच गई तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बचाव दल ने कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर सभी शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में कार सवार दो महिलाओं, दो पुरुषों और एक बच्चे की मौत हो गई है।
मौके पर एसपी क्राइम जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक विनोद मेहरा सहित पुलिस और बचाव दल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस मृतकों की शिनाख्त करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
























