आजमगढ़ बिलरियागंज में जेई से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

आजमगढ़ बिलरियागंज में जेई से मारपीट व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

आजमगढ़। विद्युत उपकेंद्र बिलरियागंज में तैनात एक अवर अभियंता (जेई) के साथ मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पीड़ित जेई ने थाना बिलरियागंज में तहरीर देकर दो नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित सहदेव राम पुत्र लक्षीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह विद्युत उपकेंद्र बिलरियागंज में अवर अभियंता पद पर कार्यरत हैं और अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखते हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 9:45 बजे वह उपकेंद्र जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आधा दर्जन लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली।

तहरीर के अनुसार आरोपियों ने पहले उनका पद पूछा और जाति की जानकारी होने पर सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में जेई के चेहरे पर चोटें आईं और सूजन हो गई। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित का कहना है कि घटना से सरकारी कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *