बदायूं में महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती, नए महिला थाना भवन का शिलान्यास
बदायूं। जनपद में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने बुधवार को चित्रांश नगर में नए महिला थाना भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि नए महिला थाना भवन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सहज और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकें।
प्रस्तावित महिला थाना भवन में परामर्श कक्ष, महिला आगंतुक कक्ष, आधुनिक कंप्यूटर कक्ष सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही थाना परिसर में महिलाओं के साथ आने वाले बच्चों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि पीड़ित महिलाओं को संवेदनशील और सहयोगात्मक माहौल मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक बदायूं, महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत बनाने की दिशा में यह पहल जनपद में पुलिस प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।
























