फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुने अधिकारी
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी गामिनी सिंगला ने शनिवार को तहसील बदायूं में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनने व उनका गुणवत्तापरक निस्तारण करने के लिए कहा। इस अवसर पर 42 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया तथा शेष के गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए अधिकारी इसे गंभीरता पूर्वक लें। शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है, इसका भी ध्यान रखा जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर ग्राम सभा की भूमि से कब्जा हटवाने, सार्वजनिक मार्ग से कब्जा हटवाने, पैमाइश/ठीकाबंदी के बाद कब्जा दिलवाने, राशन कार्ड से मृत व्यक्ति का नाम हटवाने, स्मार्ट मीटर की जगह पुराना मीटर लगवाने सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 42 शिकायती व प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष के गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
























