बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आई 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत
संजीव सिंह बलिया।नगरा थाना क्षेत्र के किशोरगंज ढेकवारी मार्ग पर पंडितपुर गांव के समीप शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया, जबकि घायल पति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।ढेकवारी गांव निवासी सुरेंद्रनाथ पांडे अपनी पत्नी उर्मिला देवी (55) को बाइक पर भरथाव गांव ले जा रहे थे। इसी दौरान बिशनपुरा की ओर से लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली खराब सड़क पर अनियंत्रित हो गई। ट्रॉली के धक्के से बाइक सवार दंपति सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में उर्मिला देवी के सिर पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुरेंद्रनाथ पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिससे घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। साथ ही पुलिस को भी खबर की गई। नगरा थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच कर रही है।स्थानीय लोगों ने खराब सड़क और तेज रफ्तार वाहनों को हादसे का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से सड़क मरम्मत और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।
























