सीबीगंज पुलिस ने किया 20 लाख की तांबा चोरी का खुलासा मुठभेड़ में पकड़े तीन बदमाश दो को लगी गोली
मुजीब खान
बरेली । जनपद के थाना सीबीगंज के पद्मावती एसोसिएट्स फर्म में विगत 28 अप्रैल को हुई 20 लाख रुपए की कीमत के तांबा चोरी मामले में बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गिरफ्तार किए है जिनके कब्जे से चोरी किया गया तांबा भी बरामद हुआ है मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी जिससे उनका उपचारा कराया जा रहा है।
बुधवार को बंडिया नहर के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया तांबा, अवैध असलहे और नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
बीती 28 अप्रैल को सिविल लाइंस निवासी शिवानी जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म पद्मावती एसोसिएट्स, जो सीबीगंज क्षेत्र में स्थित है, वहां अज्ञात चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने गोदाम की बाहरी दीवार के पास सुरंग बनाई और अंदर घुसकर करीब 2 टन कॉपर स्क्रैप (तांबा) चोरी कर लिया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई थीं। 6 मई को प्रभारी निरीक्षक सीबीगंज अपनी टीम के साथ झुमका तिराहे से बिलवा जाने वाले रास्ते पर गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि तीन बदमाश ई-रिक्शा में चोरी का माल लेकर उसे बेचने की फिराक में आ रहे हैं। पुलिस ने तत्काल बंडिया नहर के पास घेराबंदी कर चेकिंग तेज कर दी। जब संदिग्ध ई-रिक्शा आता दिखाई दिया, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने ई-रिक्शा को कच्चे रास्ते पर भगाना शुरू कर दिया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया।
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान निजाम, अब्दुल शमी और मोहम्मद खालिद के रूप में हुई है। घायल बदमाशों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी किया गया 65 किलो कॉपर स्क्रैप, 13 हजार रुपये से अधिक की नगदी, दो अवैध तमंचे, खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और इस गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने चोरी का बाकी माल कहाँ खपाया है।
























