बदायूँ।आयुष्मान भारत योजना से लाखों परिवारों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल

आयुष्मान भारत योजना से लाखों परिवारों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल

आयुष्मान भारत योजना अंतर्गत 199.99 करोड़ रुपए लाभार्थियों के उपचारों पर किए गए व्यय

बदायूं । जनपद बदायूं में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के फलस्वरूप अप्रैल 2017 से दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल 10,96,174 आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवधि में लगभग 199.99 करोड़ रुपए की धनराशि विभिन्न उपचारों पर व्यय की गई है, जो इस योजना की व्यापकता और उपयोगिता को दर्शाता है।

आयुष्मान भारत योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार अधिकृत अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है। जनपद में सरकारी एवं निजी अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा गया है, जिससे लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने ही जिले में प्राप्त हो रही हैं।

जिला प्रशासन द्वारा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं कैंपों के माध्यम से पात्र परिवारों का चयन कर उन्हें गोल्डन कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, लाभार्थियों को योजना की प्रक्रिया, अस्पतालों की सूची एवं उपचार की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जा रही है, जिससे वे बिना किसी असुविधा के योजना का लाभ उठा सकें।

आयुष्मान भारत योजना ने जनपद के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है। पहले जहां गंभीर बीमारी के इलाज के लिए लोगों को कर्ज लेना पड़ता था या उपचार अधूरा छोड़ना पड़ता था, वहीं अब इस योजना के माध्यम से वे निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राप्त कर रहे हैं।

आयुष्मान भारत योजना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल है, जो समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना से जोड़ा जाए तथा कोई भी लाभार्थी इस सुविधा से वंचित न रहे। जनपद में योजना के सफल संचालन से यह स्पष्ट है कि सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। भविष्य में भी इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *