जौनपुर।दूल्हा हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

दूल्हा हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

जौनपुर। जिले के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान तीनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले के तीन मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, खेतासराय, सरायख्वाजा, खुटहन और बदलापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी क्षेत्र में घूम रहे हैं। इसके बाद सोंगर भट्ठा क्षेत्र और शेखअशरफपुर बढ़नपुर भट्ठा मोड़ के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अनितेश मिश्रा उर्फ अंकित (अमितेश), विकास यादव और कुशल मिश्रा के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके से दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, .315 बोर के देशी तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वही हैं, जिन्होंने 1 मई की शाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। बारात के लिए निकले दूल्हे आजाद बिंद को अपाची बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां मारी थीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।

और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *