बरेली में एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार की रिश्वत लेते चकबंदी कानूनगो रंगे हाथ किया गिरफ्तार

बरेली में एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार की रिश्वत लेते चकबंदी कानूनगो रंगे हाथ किया गिरफ्तार

बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने फरीदपुर तहसील में तैनात एक चकबंदी कानूनगो को किसान से जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बुधवार शाम फरीदपुर तहसील के चकबन्दी कर्ता (कानूनगो) कमल सुधीर शुक्ला को रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से शाहजहांपुर का निवासी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम खजुरिया निवासी राजीव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन की नाप-तौल कराने के बदले में कानूनगो द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने पर प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और जाल बिछाया गया।

योजना के मुताबिक, जैसे ही शाम करीब 5:22 बजे फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग (बिलपुर रेलवे स्टेशन के पास) कानूनगो ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ट्रैप के बाद विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *