बलिया।अवैध निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत परिजनों का हंगामा मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल से कर्मचारी फरार सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अवैध निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

परिजनों का हंगामा मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल से कर्मचारी फरार सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

  संजीव सिंह बलिया। नगरा:क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों में लापरवाही का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना में उभांव थाना क्षेत्र के करणी छड़ी स्थित एक निजी जच्चा-बच्चा केंद्र में प्रसव के दौरान महिला और नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के इंद्रौली मलकोली दलित बस्ती निवासी पूनम (30) पत्नी सोनू कुमार को शुक्रवार रात प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उसे उपचार के लिए करणी छड़ी स्थित एक निजी केंद्र पर ले गए। आरोप है कि केंद्र संचालिका ने प्रारंभिक जांच के बाद स्थिति गंभीर बताते हुए ऑपरेशन की बात कही और परिजनों की सहमति से एक निजी डॉक्टर को बुलाकर ऑपरेशन कराया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही लापरवाही के चलते जच्चा और नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और वहां कार्यरत कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित निजी अस्पताल पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित पाया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई अवैध निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां बिना पर्याप्त सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों के गंभीर मामलों का इलाज किया जा रहा है, जिससे आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *