बलिया।मिक्चर मशीन और विद्युत पोल के बीच दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत

मिक्चर मशीन और विद्युत पोल के बीच दबकर मजदूर की दर्दनाक मौत

 संजीव सिंह नगरा बलिया। नगर पंचायत नगरा के वार्ड नंबर सात में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 32वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मिक्चर मशीन और विद्युत पोल के बीच दबने से हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के तिलकारी गांव में सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में गड़वार थाना क्षेत्र के सवन गांव निवासी 32 वर्षीय मजदूर समरजीत राजभर पुत्र जयप्रकाश राजभर भी कार्यरत था। रविवार को काम के दौरान मिक्चर मशीन अचानक बंद हो गई। मशीन को दोबारा चालू करने के लिए मजदूरों द्वारा रोड रोलर से धक्का दिया जा रहा था।

इसी दौरान अचानक रोलर के धक्के से मिक्चर मशीन पीछे की ओर लुढ़कने लगी। स्थिति को भांपते हुए समरजीत वहां से भागने लगा, लेकिन घबराहट में वह पास के विद्युत पोल से टकरा गया। तभी अनियंत्रित मिक्चर मशीन लुढ़कते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह मशीन तथा विद्युत पोल के बीच बुरी तरह दब गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और काम बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक समरजीत राजभर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। लगभग एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी और उसके परिवार में तीन माह की एक मासूम बच्ची भी है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *