विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल, मायके वालों के हंगामे से गांव में तनाव
मृतका के परिजनों ने घर में मौजूद लोगों पर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
बदायूँ/उसावां। जनपद के थाना क्षेत्र के ग्राम गूराबरेला में मंगलवार रात 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने घटना को लेकर विरोध जताया। इस दौरान घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया, जिससे गांव में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मौके की स्थिति संभालने के साथ ही घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी।
मृतका के पिता कुँवरपाल निवासी ग्राम कोली, थाना कोतवाली दातागंज ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी रोशनी (20) पत्नी जितेंद्र की मौत की जांच कराने तथा शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
विवाहिता की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य तथ्यों को भी जुटा रही है।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























